भोपाल। मध्य प्रदेश में उपचुनाव के दौरान अपना-अपना दम-खम दिखा रही पार्टियों में रविवार को कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। बड़वाह से कांग्रेस के विधायक सचिन बिरला ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने इसे सौदेबाजी की राजनीति करार दिया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खंडवा संसदीय क्षेत्र के बड़वाह विधानसभा क्षेत्र के बेडिया में जनसभा को संबांधित करने गए थे। यहां आयोजित सभा में कांग्रेस के विधायक सचिन बिरला भाजपा में शामिल हुए। बिरला ने पिछला चुनाव जीता था और वे यहां के जनाधार वाले नेता है।

कांग्रेस विधायक सचिन बिरला को भाजपा में शामिल करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। भाजपा में शामिल होते हुए बिरला ने कहा कि उनका एक ही लक्ष्य है क्षेत्र का सर्वांगीण विकास। जब कमल नाथ मुख्यमंत्री थे, तब उनके पास समय नहीं होता था। वहीं जब शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने क्षेत्र के विकास के अधिकारियों को निर्देश दिए।

कांग्रेस विधायक के भाजपा में जाने पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने कहा, भाजपा ने सौदेबाजी व बोली से प्रदेश में अपनी सरकार बनायी क्योंकि जनता ने तो उन्हें चुनावों में नकार दिया था , घर बैठा दिया था।