भोपाल। प्रदेश की तीन विधानसभा सीट और एक लोकसभा सीट पर पिछले कई दिनों से गहमागहमी के बाद आज भाग्य का फैसला होने जा रहा है। मंगलवार को सुबह से हो रही काउंटिंग में सभी सीटों पर भाजपा को बढ़त मिली है। ऐसे में भाजपा के दफ्तरों और खेमे में भारी उत्साह है।
सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। पहले दौर की मतगणना के बाद सुबह नौ बजे तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार चारों सीटों पर आगे चल रहे हैं। खंडवा लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार ज्ञानेश्वर पाटिल को कांग्रेस के राज नारायण पूर्णी के 11,264 के मुकाबले अब तक 16,984 वोट मिले हैं। रैगांव से भाजपा उम्मीदवार प्रतिमा बागरी को 5,973 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार कल्पना वर्मा को 5,754 वोट मिले हैं। जोबाट में भाजपा प्रत्याशी सुलोचना रावत कांग्रेस के महेश पटेल से 1,590 मतों से आगे चल रही हैं। इसी तरह पृथ्वीपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी शिशुपाल कांग्रेस के नितेंद्र प्रताप सिंह से 429 मतों से आगे चल रहे हैं।