mp politics : चुनावी साल में मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पीसीसी चीफ कमलनाथ के बीच सवाल जवाब का सिलसिला तो जारी है ही, दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच भी जुबानी जंग चल रही है। दोनों पार्टियों के नेता एक-दूसरे पर सियासी आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। विकास यात्रा में शामिल होने दतिया पहुंचे प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस और दिग्विजय सिंह पर एक बार फिर निशाना साधा है।
दिग्विजय सिंह के कांग्रेस में प्रचार की सक्रियता को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जनता दिग्विजय सिंह के प्रचार को दुष्प्रचार मानती है। दिग्विजय जहां-जहां प्रचार को जाते हैं, वहां वोट ही कटते हैं। हालांकि, उनके बयान पर कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भी पलटवार किया है।
गृहमंत्री ने यह लगाए आरोप
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह के कांग्रेस में प्रचार की सक्रियता को लेकर कहा कि दिग्विजय सिंह एक बार फिर संगत में पंगत कर रहे हैं, अब रायता तो फैलेगा ही। गृहमंत्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह कितना भी प्रचार करें, जनता उसे दुष्प्रचार ही मानती है। यह दिग्विजय सिंह खुद ही मान चुके हैं कि उनके प्रचार करने से कांग्रेस के वोट कटते हैं। एक बार फिर रायता फैलाने की तैयारी है।
नरोत्तम पर पीसी शर्मा का बड़ा पलटवार
नरोत्तम मिश्रा के बयान पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह ने ख़ुद ही बात स्वीकार की है कि जिन जिन राज्यों के प्रभारी रहे हैं, वहां कांग्रेस की जीत हुई है। एमपी प्रदेश में सरकार उधार वाली सरकार है। विधायक तोड़कर इन्होंने पैसे 35 करोड़ गिनकर सरकार बनाई है। ये हालत भी दोबारा से होने वाली है, लेकिन इस बार कांग्रेस की 174 सीट आएंगी। जिसके बाद खरीद फरोख्त भी नहीं कर पाएंगे।