Bhopal : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मंगलवार को विदिशा जिले के ओला प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर निकले। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों को राहत पहुंचाने के लिए बड़ी बातें कहीं। सीएम चौहान ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए कहा कि, किसान भाइयों, हमने तय किया है कि 50 प्रतिशत से अधिक फसलों के नुकसान पर 32,000 प्रति हेक्टेयर राहत राशि दी जाएगी। इसके अलावा फसल बीमा योजना का क्लेम अलग से दिलवाया जाएगा। वहीं, फसलों के अलावा पशु हानि, मकानों की क्षति पर भी सहायता राशि दी जाएगी।

सरकार भरेगाी कर्ज का ब्याज

सीएम चौहान ने कहा कि, जिन किसान भाइयों की फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है, उनकी कर्ज वसूली स्थगित की जाएगी। कर्ज का ब्याज सरकार भरेगी और अगली फसल के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज पर उन्हें कर्ज दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रभावित किसान परिवारों की बेटी की शादी भी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में कराएंगे।

हार्टिकल्चर फसलों का भी होगा सर्वे

मुख्यमंत्री ने कहा कि, गेहूं, सरसों, धनिया, चना, मसूर सहित हार्टिकल्चर फसलों का सर्वे किया जाएगा। राजस्व, पंचायत और कृषि विभाग के कर्मचारी मिलकर सर्वे करेंगे। हमारे जनप्रतिनिधि भी साथ में रहेंगे। सर्वे के बाद सूची पंचायत भवन में चस्पा की जाएगी,यदि किसी को आपत्ति होगी तो उसका निराकरण किया जाएगा। सीएम चौहान ने किसानों से कहा कि, मैंने पहले ही फसलों के सर्वे के निर्देश सभी जिलों को दे दिए थे। ईमानदारी और उदारतापूर्वक हर खेत का सर्वे किया जाएगा।

लाड़ली बहना सम्मेलन में बोले Shivraj : बेटियों की शादी की चिंता मत करना, मामा कराएगा

किसानों ने सौंपा ज्ञापन

मुख्यमंत्री चौहान को विदिशा के धतुरिया चौराहा पर किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। दौरे पर निकले मुख्यमंत्री ने विदिशा जिले की गुलाबगंज तहसील के ग्राम मूडरा गणेशपुर में ओलावृष्टि एवं अतिवर्षा से प्रभावित फसलों का अवलोकन लिया और संकटग्रस्त किसानों को सहायता का आश्वासन दिया।