MP NEWS : बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उनके चर्चा में आने का कारण उन्हें मिली एक चुनौती है। धीरेंद्र शास्त्री अपने चमत्कारों के लिए दुनियाभर में पहचान बना चुके हैं। अक्सर ही धीरेंद्र शास्त्री के दरबार से वीडियोज सामने आते रहते हैं जिनमें वो बिना पूछे ही लोगों की परेशानी को पर्चे पर लिखकर बताते हुए नजर आते हैं। अपने इन्हीं चमत्कारों के लिए कई बार वो लोगों के निशाने पर भी आ चुके हैं। अब मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा के रहने वाले आयुर्वेदाचार्य प्रकाश टाटा की तरफ से धीरेंद्र शास्त्री को चुनौती मिल गई है।

पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को मिला है ये नया चैलेंज

छिंदवाड़ा के रहने वाले आयुर्वेदाचार्य प्रकाश टाटा ने पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को अपनी संस्था आत्म सम्मान मंच, मुंबई की ओर से चुनौती देते हुए कहा है कि अगर धीरेन्द्र शास्त्री के पास सच में कोई सिद्धि है तो उन्हें हमारे लिखे पर्चे को अपने पर्चे में लिखकर बताना है। अगर धीरेंद्र शास्त्री ये बताने में सफल रहते हैं तो हम उन्हें 1 करोड़ रूपए देंगे, लेकिन अगर वो ऐसा करने में असफल रहते हैं तो धीरेंद्र शास्त्री को 11 लाख रूपए हमें देने होंगे। ये पैसे हम नासिक के पास स्थित हनुमान जी के जन्मस्थान में रोड बनाने के लिए मुख्यमंत्री कोष में डाल देंगे।

इसलिए दी है चुनौती

आयुर्वेदाचार्य प्रकाश टाटा का कहना है कि उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को ये चुनौती इसलिए दी है क्योंकि वो देख रहे हैं कि भारत में अंधविश्वास काफी बढ़ गया है। मंच से भूतों को भगाने का दावा किया जा रहा है। क्या ये सच है या नहीं किसी को पता नहीं। स्टेज पर लोगों के सामने कुछ भी कह दिया जाता है और पूछने गया शख्स भी इतने लोगों के सामने झूठ को भी सही मान लेता है। कोई भी इस झूठ के खिलाफ आवाज नहीं उठाता इसलिए उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को ये चुनौती दी है।

समाज में अंधविश्वास फैलाने का आरोप

इस दौरान उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश धीरेंद्र शास्त्री पर समाज में अंधविश्वास फैलाने का भी आरोप लगाया। मध्य प्रदेश छिंदवाड़ा में रहने वाले आयुर्वेदाचार्य ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश को ओपन चैलेंज करते हुए कहा कि मैं धीरेंद्र शास्त्री को एक करोड़ रुपए का चेक दूंगा, अगर वो मेरे लिखे पर्चे को अपने पास से लिख कर दे दें। धीरेंद्र शास्त्री को चैलेंज देने के दौरान उन्होंने कहा कि शास्त्री मंच से लोगों के भूत-प्रेत भगाने का अश्वासन दे रहे हैं जबकि ये अंधविश्वास है।

प्राइवेसी भंग करने का भी आरोप

आयुर्वेदाचार्य ने धीरेंद्र शास्त्री पर लोगों की प्राइवेसी भंग करने का भी आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री के पास लोग अपने दुख लेकर आते हैं और वो मंच से लोगों की प्राइवेट बातें बताने लगते हैं। ये सीधे-सीधे लोगों की प्राइवेसी का हनन है।

अंधश्रद्धा उन्मूलन समिति ने दिया था 30 लाख का चैलेंज

बीते दिनों नागपुर में कथा के दौरान भी धीरेंद्र शास्त्री को चैलेंज किया गया था। उस समय अंधश्रद्धा उन्मूलन समिति के प्रमुख श्याम मानव ने धीरेंद्र शास्त्री को इसी तरह का चैलेंज दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर धीरेंद्र शास्त्री उनके सामने अपनी बातों को साबित कर दें तो वो उन्हें तीस लाख रुपए देंगे। अब वही चैलेंज छिंदवाड़ा के आयुर्वेदाचार्य ने दिया है। दोनों चैलेंज में फर्क ये है कि अब चैलेंज की राशि बढ़कर तीन गुना से ज्यादा हो गई है।

मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला कांग्रेस नेता गिरफ्तार, भागने की फ़िराक में था…

कौन हैं आयुर्वेदाचार्य प्रकाश टाटा

धीरेंद्र शास्त्री को चुनौती देने वाले प्रकाश टाटा आयुर्वेदाचार्य हैं। आयुर्वेदाचार्य प्रकाश टाटा की तरफ से दावा किया जाता है कि उन्होंने अपनी आयुर्वेदिक दवाओं से बॉलीवुड जगत के कई नामी सेलेब्स से लेकर खिलाड़ियों को ठीक किया है। सोशल मीडिया पर आयुर्वेदाचार्य प्रकाश टाटा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो धीरेंद्र शास्त्री को लेकर ये कह रहे हैं कि भारत में अंधविश्वास फैलाया जा रहा है। धीरेंद्र शास्त्री को हम चुनौती दे रहे हैं कि वो अगर हमारी लिखी पर्ची का मैटर वो अपनी पर्ची में लिख देते हैं तो हम उन्हें 1 करोड़ रुपए देंगे। वो मंच से भूत भगा रहे हैं। लोगों की प्राइवेट बातों को सबके सामने बता देते हैं। इतने लोगों के सामने उनके झूठ को लोग नहीं बता पाते और उनकी हां में हां मिला देते हैं। ऐसे में हम इस झूठ के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।