Political News : मध्यप्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब प्रदेशवासियों को सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से जूझना पड़ता था। कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर था और विकास दूर तक दिखाई नहीं देता था। जिस कांग्रेस का विकास से कोई नाता नहीं है, उसके झूठे और कपटी नेता आज भाजपा सरकार की विकास यात्रा पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर रहे हैं। जनता ऐसे नेताओं को जरूर जवाब देगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने छतरपुर जिले की बड़ा मलहरा और राजनगर विधानसभा की विकास यात्राओं को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष ने विकास यात्रा के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए और विकास कार्यो का लोकार्पण भी किया।
विकास और प्रत्येक व्यक्ति का कल्याण ही भाजपा सरकार का संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा बड़ा मलहरा विधानसभा क्षेत्र के मुंगवारी गांव में विकास यात्रा में शामिल हुए। विकास यात्रा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का विकास और कल्याण ही भाजपा सरकार का संकल्प है। भाजपा सरकार विकास यात्रा के माध्यम से हर गरीब के जीवन को बदलने का काम कर रही है। इस यात्रा का उद्देश्य जन-जन से संवाद और हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध सुनिश्चित कराना है।
भाजपा सरकार की नीतियों और योजनाओं से सकारात्मक परिवर्तन आया
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 15 महीने कमलनाथ सरकार रही, जिसने मध्यप्रदेश को बदहाली प्रदेश बना दिया था। हर मोर्चे पर कमलनाथ सरकार विफल रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आयी तो सरकार की नीतियों और योजनाओं का ही प्रभाव है कि समाज में कई कुरीतियों को समाप्त कर सकारात्मक परिवर्तन आया। लाड़ली लक्ष्मी योजना, गाँव की बेटी योजना, कन्या विवाह योजना समेत कई योजनाओं से बेटियाँ अब बोझ नहीं बल्कि हमारी ताकत बन रही है।
शिवराज का मंत्रियों को बुलावा : 20 फरवरी को भोपाल में होगी बड़ी बैठक
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री चौहान ने लाडली बहना योजना की घोषणा की है। जिसकी शुरूआत 8 मार्च अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस से होगी। इस योजना के तहत गरीब परिवारों की बहनों को 1 हजार रूपए उनके खाते में दिए जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन की सरकार द्वारा प्रदेश के नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ ही अब उन्हें सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़े कदम उठाये जा रहे हैं।