भोपाल। पुरानी पेंशन सहित तीन सूत्रीय मांगो को पूरा कराने के लिए अब शिक्षक मैदान में आ गए हैं। मप्र शिक्षक संघ के आव्हान पर रविवार को हजारों की संख्या में शिक्षक राजधानी में जुटे। यहां शाहजहानी पार्क में शिक्षकों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों से चर्चा भी की।
संघ के प्रांतीय महामंत्री क्षत्रवीर राठौर ने कहा कि संघ ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर 12 फरवरी को तीन सूत्रीय मांगों के लेकर हजारों शिक्षकों की संख्या के साथ धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था। लेकिन शिक्षक संघ ने उक्त मांगों के निराकरण नहीं होने की स्थिति में प्रदेश स्तरीय एक दिवसीय सत्याग्रह विशाल धरना करने का निर्णय लिया गया।
शिक्षकों की मांगों में पुरानी पेंशन लागू करना, पुराने शिक्षक सवंर्ग को पदोन्नति पदनाम, उच्च पदभार दिए जाने तथा नवीन शिक्षक संवर्ग एवं गुरूजी को प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता देते हुए समयमान वेतनमान दिए जाने की 3 सूत्री मांगों का ज्ञापन संघ के प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मी राम इंगले के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। हालांकि इसके पूर्व ही शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मप्र शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल से मिलकर मांगो के निराकरण का आश्वासन दे चुके हैं।
यह रहे उपस्थित –
संघ के धरना-प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री क्षत्रवीर सिंह राठौर, संगठन मंत्री किशनलाल नाकडा, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हिम्मत सिंह जैन, क्षेत्र प्रमुख विजय कुमार सिंह, सह संगठन मंत्री कृष्ण व्यास ब्रजमोहन आचार्य, कोषाध्यक्ष गौतम मणि अग्निहोत्री, प्रांतीय उपाध्यक्ष महेंद्र जैन, नंद कुमार शुक्ला, मीडिया प्रभारी श्यामवीर सिंह राठौड़, प्रांतीय सचिव राजीव शर्मा, अरुण मिश्रा नवीन, संवर्ग प्रकोष्ठ के शैलेश खरे, नर्मदापुर संभागीय अध्यक्ष विनोद मालवीय, सागर संभागीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राजपूत सहित अन्य अपने विचार रखे। मंचासीन अतिथियों का परिचय प्रांतीय सचिव राजीव शर्मा ने कराया।