मप्र के हरदा जिले के युवकों ने अयोध्या के अवध इंटरनेशनल स्कूल में 125 क्विंटल अनाज से श्रीराम-जानकी और हनुमान की छवि बनाकर कीर्तिमान रच दिया है। प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में 10800 वर्ग फुट के प्लाॅट पर कलाकारी का यह हुनर दिखाया गया है। कुछ नया करने के जुनून चलते अनाज पर छवि उकेर कर लोगों को आश्चर्य चकित कर दिया है। इस भव्य कलाकृति का अनावरण उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को किया।



60 लोगों की टीम ने अनाज से बनाई है यह कलाकृतियां 

हरदा जिले के ग्राम कुकरावद के सतीश गुर्जर उनकी 60 सदस्यीय बच्चों की टीम ने यह आकृति तैयार की। टीम में 45 लड़कियां और 15 लड़के कलाकार है। मप्र के कृषि मंत्री के पुत्र संदीप पटेल की देखरेख में तैयारी को अंतिम रूप दिया गया है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात लगभग 4 बजे कलाकृति बनकर तैयार हुई। इन कलाकृतियों को बनाने में विभिन्न तरह के अनाज जैसे गेहूं, चना, चावल, मूंग, तुअर, सोयाबीन, ज्वार, मक्का, मसूर, फलीदाना, राजमा और उड़द के दानों का इस्तेमाल किया गया है।



बना चुके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विवेकानंद और कलाम का चित्र 

कृषि मंत्री कमल पटेल के पुत्र एवं खिलता कमल जनकल्याण सामाजिक सेवा संस्थान के अध्यक्ष संदीप पटेल, सतीश गुर्जर और उनकी टीम स्वामी विवेकानंद, पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय एपीजे अब्दुल कलाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनाज के दानों से कलाकृति बना चुकी है। 12 जनवरी 2021 को इन्हीं कलाकारों ने 9 तरह के अनाज व दाल से 8 हजार वर्गफीट में 24 घंटे में विवेकानंद का चित्र बनाया था। जिसे वर्ल्ड बुक रिकार्ड ऑफ यूके लंदन की टीम ने विश्व स्तरीय मानते हुए सर्टिफिकेट दिया। कृषिमंत्री कमल पटेल के सहयोग से सतीश गुर्जर व उनकी टीम ने अयोध्या में श्रीराम, जानकी और हनुमान का चित्र बनाकर दोबारा नया वर्ल्ड रिकार्ड बनाने की कोशिश की है।