Best FIFA Men’s Player Award : मेसी ने दूसरी बार जीता अवार्ड, रोनाल्डो नहीं कर पाए अपने पसंदीदा खिलाड़ी को वोट

डिफेंडर पेपे ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के स्थान पर पुर्तगाल के प्रतिनिधि के रूप में वोट डाला

Best FIFA Men's Player Award
Best FIFA Men's Player Award

पेरिस । विश्व चैंपियन अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी ने सोमवार को साल 2022 के लिए बेस्ट फीफा मेंस प्लेयर का अवॉर्ड जीता। यह कार्यक्रम पेरिस में हुआ और मेसी खुद अवॉर्ड लेने पहुंचे थे। 2016 से दिए जा रहे इस अवॉर्ड को मेसी ने दूसरी बार जीता। 35 साल के मेसी ने पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के अपने साथी कीलियन एम्बाप्पे और रियल मैड्रिड से खेलने वाले कारिम बेंजेमा को पीछे छोड़कर पुरस्कार अपने नाम किया। इस पुरस्कार के लिए विजेता का चयन राष्ट्रीय टीम के चुनिंदा कप्तानों और कोचों द्वारा डाले गए वोटों के आधार पर किया जाता है।

रोनाल्डो की जगह पेपे ने डाला वोट

एक बात जो हैरान करने वाली थी वह यह थी कि डिफेंडर पेपे ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के स्थान पर पुर्तगाल के प्रतिनिधि के रूप में वोट डाला। रोनाल्डो ने वोट डालने से इसलिए परहेज किया क्योंकि 2022 फीफा विश्व कप के दौरान कई मैचों में उन्हें स्टार्टिंग प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली थी। इसलिए सीनियर प्लेयर पेपे को अपना वोट डालने का अवसर दिया गया था। पेपे ने पहली पसंद के रूप में फ्रांस के कीलियन एम्बाप्पे को वोट दिया था। उसके बाद उन्होंने क्रोएशिया के लुका मॉड्रिच और फ्रांस के करीम बेंजेमा को वोट दिया।

मेसी की बदौलत अर्जेंटीना ने जीता वर्ल्ड कप

इस पुरस्कार के लिए राष्ट्रीय टीम के कोच और कप्तान के अलावा पत्रकार और फैंस वोट देते हैं। मेसी को यह अवॉर्ड अर्जेंटीना को पिछले साल चैंपियन बनाने और टूर्नामेंट में कुछ अद्भुत गोल करने के लिए दिया गया। मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना की टीम तीसरी बार चैंपियन बनी थी। मेसी ने दोहा में खेले गए फाइनल में दो गोल दागे। हालांकि, फुल टाइम तक मैच 3-3 की बराबरी पर रहा था। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना ने फ्रांस को हराया था।

मेसी ने अवॉर्ड लेते हुए क्या कहा?

मेसी ने अवॉर्ड लेते वक्त वर्ल्ड कप में अपनी जीत के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा- पिछला साल मेरे लिए शानदार रहा था। अपने सपने को हासिल करने के लिए मैंने बहुत संघर्ष किया था। अंत में मुझे यह मिल गया और यह मेरे करियर की सबसे खूबसूरत चीज थी। पत्नी एंटोनेला रकुजो के साथ समारोह में पहुंचे मेसी ने कहा- यह हर फुटबॉलर के लिए एक सपना है, लेकिन यह कुछ ऐसा है जो बहुत कम लोग पूरा कर सकते हैं।

पुरस्कार विजेताओं की पूरी सूची

अर्जेंटीना- फीफा फैन अवार्ड 2022

लुका लोचशविली – फीफा फेयर प्ले अवार्ड

लियोनेल स्कालोनी – फीफा मेन्स कोच 2022

सरीना विगमैन – फीफा महिला कोच 2022

मार्सिन ओलेक्सी – फीफा पुस्कस अवार्ड (सर्वश्रेष्ठ गोल)

एमिलियानो मार्टिनेज – फीफा मेन्स गोलकीपर अवार्ड 2022

मैरी एर्प्स – फीफा महिला गोलकीपर 2022