संदीप सिंह ने मंगलवार को अपने प्रशंसकों के साथ भरा हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष पद के नामांकन फॉर्म।

– पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और हरियाणा के खेलमंत्री संदीप सिंह ने ओलंपिक संघ के अध्यक्ष के लिए भरा पर्चा

पंचकूला। पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और हरियाणा के खेलमंत्री संदीप सिंह अब खेल संघों की राजनीति भी करेंगे। फ्लिकर सिंह के नाम से मशहूर इस पूर्व खिलाड़ी ने मंगलवार केा हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष पदक के लिए नामांकन भरा। हरियाणा ओलंपिक संघ के चुनाव 12 दिसंबर को पंचूकला में होंगे।


दुनिया के बेहतरीन ड्रैग फ्लिकर में शामिल रहे संदीप सिंह इस समय हरियाणा सरकार में खेलमंत्री हैं। उन्होंने 2019 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा। वह पहली बार में ही विधायक बन गए। इसके साथ ही वह पहले मंत्रिमंडल शपथ ग्रहण समारोह में ही मंत्री भी बन गए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बेहद करीबी संदीप सिंह को उनकी रुचि के अनुरूप खेल मंत्रालय दिया गया। फ्लिकर सिंह के नाम से फैमस संदीप सिंह ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उन्होंने हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष पद के लिए पर्चा भरा है। पर्चा भरने के लिए बुधवार का दिन अंतिम है। माना जा रहा है कि इनेलो महासचिव अभय चौटाला और कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा भी चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। हरियाणा में इस समय भाजपा सरकार है। संदीप सिंह के पास खेल मंत्रालय है। इसलिए माना जा रहा है कि संदीप सिंह अध्यक्ष बन सकते हैं या उन्हें निर्विरोध भी चुना जा सकता है।