भारतीय कप्तान विराट कोहली आज 33 साल के हो चुके हैं। विराट कोहली शानदार और क्लासिकल खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में अब तक कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वह भारत के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने अपने करियर में कई ऐसे कारनामे किए हैं, जिन पर हर भारतीय को गर्व है। विराट ने भारतीय टीम को गौरवान्वित होने के कई पल दिए हैं। आज हम उन्हीं में से कुछ खास बातों की चर्चा करते हैं।

भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान 
विराट कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं।  उन्होंने 65 मैचों में भारत की कप्तानी की है और 38 मैचों में जीत हासिल की है। इस मामले में विराट महेंन्द्र सिंह धोनी, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और सुनील गावस्कर जैसे कई दिग्गज खिलाड़ियों से आगे हैं। धोनी की कप्तानी में भारत ने 27 और गांगुली की कप्तानी में 21 मैच जीते हैं। उन्होंने जब भारत की कप्तानी संभाली थी, तब टीम इंडिया विदेशों में मैच जीतने के लिए जूझ रही थी। इसके बाद उन्होंने आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी टीमों को उनके घर पर हराया है।

ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने वाले पहले एशियाई कप्तान
विदेशों में कप्तानी की बात करें तो विराट सिर्फ भारत के नहीं, बल्कि पूरे एशिया के सबसे बेहतरीन कप्तान हैं। विराट पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने आस्ट्रेलिया में जाकर अपनी कप्तानी में कोई टेस्ट सीरीज जीती है। हालांकि उनके बाद अजिंक्य रहाणे ने भी यह कारनामा किया है। विराट की टीम ने 2018-19 की सीरीज में आस्ट्रेलिया को हराया था। वहीं रहाणे की कप्तानी में भारत ने आस्ट्रेलिया को हराया था, तब भारत के कई बड़े खिलाड़ी नहीं खेले थे और ऑस्ट्रेलिया की टीम में सभी दिग्गज शामिल थे।

इस मामले में सचिन से भी आगे
क्रिकेट के भगवान यानी सचिन तेंदुलकर के नाम क्रिकेट के लगभग सारे रिकॉर्ड हैं, लेकिन एक मामले में विराट कोहली उनसे आगे हैं। विराट कोहली वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दस हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 205 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं सचिन तेंदुलकर इस मामले में दूसरे नंबर हैं। सचिन ने वनडे में दस हजार रन बनाने के लिए 259 पारियां खेली ली थीं।

विराट ने यह कीर्तिमान 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में बनाया था। उन्होंने वनडे में 12169 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 43 शतक निकले हैं। विराट वनडे में 50 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं। फिलहाल वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन के नाम है। उन्होंने 49 शतक लगाए हैं।

सबसे ज्यादा औसत
विराट का बैटिंग औसत भी वनडे में सबसे ज्यादा है, उन्होंने 59.07 के औसत से रन बनाए हैं। वहीं पाकिस्तान के बाबर आजम इस मामले में चौथे नंबर पर हैं। उनका औसत 56.92  का है। वहीं वनडे में किसी एक टीम के खिलाफ शतक लगाने के मामले में भी विराट नंबर एक हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ नौ शतक लगाए हैं। उनके अलावा सचिन तेंदुलकर ने भी नौ शतक लगाए हैं।

टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
अंतरराष्ट्रीय  टी-20 क्रिकेट में विराट कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 93 मैचों में 3225 रन बनाए हैं। उनके बाद न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल ने 3069 रन बनाए हैं। हालांकि क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में वह अब तक शतक नहीं लगा पाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 94 रन है।

विराट कहा रिकॉर्ड पर है क नजर
टेस्ट : 96 टेस्ट मैच में 27 शतक और 27 अर्धशतक के साथ 7765 रन बनाए हैं।
वनडे : 254 मैच में 43 शतक और  62 अर्धशतक 12169 रन बनाए हैं।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय : 86 मैच में 26 अर्धशतक के साथ 3225 रन बना चुके हैं।